सबसे बड़ा कौन है घर में
सबसे बड़ा कौन है घर में
बोलो बाबा , बोलो दादी
गिली गिलहरी जब है आती
किसके हाथों खाना खाती
किसके पीछे दौड़ लगाती
किसके आगे है मंडराती
बोलो बाबा , बोलो दादी
किसे पूछकर नन्ही चिड़िया
अपनी बगिया में आती है
किससे मिलने आती बुलबुल
खिड़की पर गाया करती है
किसे बुलाने खातिर कोयल
कुहू- कुहू की टेर लगाती
बोलो बाबा , बोलो दादी
सातों बहनें सुबह-सबेरे
कूद लगातीं किसके फेरे
कांव-कांव कर कागा-राजा
बैठा छत पर किसको टेरे
चूं-चूं-चूं करती गौरैय्या
अपना दुखड़ा किसे सुनाती
बोलो बाबा , बोलो दादी
बोलो किसे सुनाने खातिर
माँ - पापा हैं लोरी गाते
बोलो किसे मनाने खातिर
चाचा हैं घोड़ा बन जाते
मौसी, बुआ,मामियां,चाची
बोलो किसको हैं दुलरातीं .
सबसे बड़ा कौन है घर में
बोलो बाबा , बोलो दादी .
--------------मनोज कुमार (४.८.२०१४)

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home